नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह हुए विमान हादसे की जांच के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की टीम रवाना हो चुकी है।

इस हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में श्री पवार के अलावा उनका एक निजी सुरक्षा अधिकारी तथा एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य शामिल हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यहां बताया कि एएआईबी के महानिदेशक जांच का नेतृत्व करने के लिए हैदराबाद से बरामती के लिए रवाना हुए हैं। वह विंग्स इंडिया 2026 में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद में थे। ब्यूरो की टीम दिल्ली से बारामती रवाना हो चुकी है।

दुर्घटनाग्रसत विमान बिजनेस जेट सेवा देने वाली कंपनी वीएसआर वेंचर्स का लीयरजेट 45 विमान था। श्री पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे जहां उन्हें स्थानीय निकायों के चुनावों के सिलसिले में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना था।

बारामती एटीसी के कर्मचारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, बारामती एयरफील्ड पर उतरते समय पहले दो बार पायलट ने रनवे नजर नहीं आने की बात कही थी जिसके कारण विमान उतर नहीं पाया। तीसरी बार में पायलट ने कहा कि उसे रनवे दिख रहा है और विमान को सुबह 8.43 पर उतरने की अनुमति प्रदान कर दी गयी। इसके बाद 8.44 बजे एटीसी ने रनवे 11 के एक छोर पर आग की लपटें देखीं।

उस समय बारामती में मौसम साफ था और दृश्यता 3,000 मीटर थी। हवा शांत थी।

हादसे में शामिल विमान 16 साल पुराना था। यह 2010 में बना था और इसे 27 दिसंबर 2022 को पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया गया था।

कमांड पायलट के पास 1,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव था। को-पायलट के पास भी लगभग 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था।

वीआरएस वेंचर्स के बेड़े में सात लीयरजेट 45 विमान (दुर्घटनाग्रस्त विमान सहित), पांच एम्ब्रेयर 135बीजे, चार किंग एयर बी200 विमान और एक पिलैटस पीसी-12 विमान शामिल हैं। इससे पहले 14 सितंबर 2023 को कंपनी का एक विमान मुंबई हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसकी जांच अब भी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित