पुणे , अप्रैल 08 -- महाराष्ट्र में हाई प्रोफाइल बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार आकाश मोरे ने कहा है कि वह चुनाव लड़ने के अपने फैसले पर कायम हैं, लेकिन पार्टी के अंतिम निर्णय का पालन करेंगे।

उन्होंने एक अहम शर्त रखते हुए मांग की कि महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े कथित विमान प्रकरण में औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाए। श्री मोरे ने कहा कि यदि उनकी यह मांग पूरी होती है, तो वह इस चरण में भी अपना नामांकन वापस लेने को तैयार हैं।

श्री मोरे ने बताया कि उनके चुनाव प्रचार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और 10 अप्रैल को बारामती में इसका औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस द्वारा शक्ति प्रदर्शन की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस मौके पर राज्य कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, राष्ट्रीय समाज पक्ष के प्रमुख महादेव जानकर और महा विकास घाड़ी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं। श्री मोरे ने श्री पार्थ पवार के हालिया बयान पर भी तीखा हमला बोलते हुए उसे "गलत और राजनीतिक रूप से अपरिपक्व" बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित