बाराबंकी , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले की स्वाट टीम व असन्द्रा पुलिस ने शनिवार को एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त रूपेंद्र उर्फ सूरज सिंह के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भोर पुलिस गश्ती दल को कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाइवे की ओर मोटर साइकिल से एक संदिग्ध आता दिखायी दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया तो वह पुलिस को देख कर भागने लगा तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की जिससे प्रभारी स्वाट टीम अंकित त्रिपाठी के कान के पास से गोली निकल गयी जिससे वह बाल-बाल बच गए। तभी पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे अभियुक्त के पैर में गोली लगी गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह निवासी देवरी रुखारा थाना बक्शी का तालाब जनपद लखनऊ के रूप में हुई। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस को एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर मय 01 अदद जिंदा व 01 अदद खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। अभियुक्त पर उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र, अयोध्या द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित