बाराबंकी , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्वाट टीम और मसौली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी गोकशी के मामले में फरार चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान उर्फ कलेजी निवासी मसौली बांसा के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपी गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मसौली और सफदरगंज थानों में गोवध निवारण अधिनियम , गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित