बाराबंकी , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को ज्ञात बदमाशों ने मुख्तार अंसारी के शूटर और अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली नगर अंतर्गत असैनी मोड पर अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी कार से आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि एडीजी जोन लखनऊ भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर दी है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

शोएब बॉबी का नाम जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। जेलर की हत्या चार फरवरी 1999 को की गई थी। जेलर तिवारी जब राजभवन के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी, सपा के बागी विधायक अभय सिंह, चंदनl नेगी, बउवा तिवारी समेत दर्जन भर से अधिक लोग नामजद हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित