बाराबंकी , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में गुरुवार देर शाम लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर 54 विद्यार्थियों से भरी निजी बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। धुआं भरते ही अफरातफरी मच गई और छात्र शीशे तोड़कर बाहर कूदे। हादसे में तीन छात्राएं जख्मी हो गई जिन्हें उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखनऊ से 54 छात्र-छात्राओं को लेकर अयोध्या जा रही निजी बस में शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। बस के अंदर धुआं भरने के दौरान चालक ने बस रोकी दी। अफरातफरी व चीख पुकार के बीच कई छात्र शीशा तोड़कर बाहर कूदे। तीन विद्यार्थी जख्मी हुए है।
उन्होने बताया कि अयोध्या जिले के अवध महाविद्यालय के 54 छात्र-छात्राएं बीएड की परीक्षा देने बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ के वासुदेव महाविद्यालय, रजत महाविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम को तीन शिक्षकों के साथ सभी छात्र निजी बस से अयोध्या लौट रहे थे। जैसे ही बस रामसनेहीघाट क्षेत्र में मोहम्मदपुर कीरत गांव के पास एक ढाबा के निकट पहुंची बस में अचानक शार्ट सर्किट हो गया और इंजन के पास आग लगने से अंदर धुआं फैलने लगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित