बाराबंकी , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार देर रात बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों सवारों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोठी थाना क्षेत्र के पूरेखुशली गांव निवासी दीपक कुमार (30) सैदपुर पोराई स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे। देर शाम ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। कोठी क्षेत्र के मदारपुर के पास बाराबंकी की ओर से आ रही बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक सवार की पहचान विशाल (22) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित