बाराबंकी , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुल्तानपुर गांव के पास समीर (18) और तौफीक (18) एक बाइक से रिश्तेदार के यहां ईद मिलने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर समीर (20) और फिरोज (30) सवार थे, से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया।
चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने बताया कि समीर और फिरोज को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित