बाराबंकी , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों में लिप्त आठ अन्तर्राज्यीय साइबर शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल, लैपटाप, टैबलेट व कूटरचित दस्तावेज आदि सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि साइबर, स्वाट, सर्विलांस व थाना कोतवाली नगर की संयुक्त टीम ने दीपक तिवारी , अंकित कटारिया, मीनाक्षी वर्मा , विपिन वर्मा , अब्दुल रिजवान , मो अफजल, आदर्श राज , इमरान सलीम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 मोबाइल, एक लैपटाप, एक टैबलेट एवं कूटरचित एग्रीमेंट व ज्वाइनिंग लेटर एवं अन्य प्रपत्र बरामद किए गए।

उन्होने बताया कि इन सभी का एक संगठित गिरोह है जो ऑनलाइन गेमिंग कॉल सेण्टर, ओएलएक्स, फेसबुक व इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन बेटिंग गेम व नौकरी का विज्ञापन अपलोड कर, लोगों को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर पोर्न वीडियो देखने आदि की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य विभिन्न तरीकों से साइबर अपराध में लिप्त था तथा अपने बैंक खातों में साइबर फ्राड कर रुपये भी मंगाते थे।

इनके कब्जे से विभिन्न बैंकों की विभिन्न शाखाओं के खाता संख्या प्राप्त हुई हैं जिनको एनसीआरपी व समन्वय पोर्टल के माध्यम से चेक किया गया तो उन खातों पर साइबर ठगी का पैसा ट्रांसफर होने सम्बन्धी शिकायत विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली, गुजरात, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र से दर्ज करायी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित