मोतिहारी , अप्रैल 10 -- बिहार में पूर्वी चम्पारण जिले के बाराचकिया (चकिया) में बंद पड़ी चीनी मिल के पुनरुद्धार एवं नई चीनी मिल की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज़ लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) , नई दिल्ली की टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र का विस्तृत एरिया अध्ययन किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, टीम ने सबसे पहले पुरानी चकिया चीनी मिल परिसर का दौरा कर वहां उपलब्ध आधारभूत संरचना, भूमि की स्थिति और वर्तमान हालात का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रस्तावित नई चीनी मिल के लिए चिन्हित स्थल का भी जायजा लेते हुए उसकी उपयुक्तता का आकलन किया गया।
टीम ने एरिया अध्ययन के दौरान आसपास के किसानों से सीधे संवाद कर गन्ना उत्पादन, उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और किसानों की समस्याओं की जानकारी जुटाई। साथ ही कृषि विभाग के पदाधिकारियों से मुलाकात कर गन्ना क्षेत्र के विस्तार, उत्पादन आंकड़ों और कृषि की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।इसके अलावा टीम ने लघु सिंचाई, जल निकासी (ड्रेनेज), केनाल डिवीजन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक आंकड़े एवं अभिलेख संकलित किए।
सूत्रों ने बताया कि एकत्रित आंकड़ों के विश्लेषण के बाद नई चीनी मिल की स्थापना की व्यवहारिकता, संभावनाओं और आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर सरकार को अनुशंसाएं भेजी जाएंगी, जिससे इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित