बारां , फरवरी 14 -- राजस्थान में बारां जिले में गुम और चोरी हुए 240 मोबाइल बरामद करके उनके मालिकों को लौटा दिए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने शनिवार को बताया कि इन मोबाइलों को खोजने की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी साइबर प्रकोष्ठ एवं उनके दल को दी गई थी। दल ने खोये और चोरी हुए करीब 53 लाख 20 हजार रूपये की कीमत के गुमशुदा 240 मोबाईल बरामद किए जिनको पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवादियों को वितरित किये गये।

पुलिस के अनुसार लंबे समय से बारां जिले के थाना क्षेत्र में मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। जिनको तलाशने के लिए प्रभारी साइबर प्रकोष्ठ ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में मोबाइल तलाशने का काम शुरु किया था। गुम मोबाइल उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब मध्यप्रदेश, बिहार, उड़ीसा, महाराष्ट्र, गुजरात एवं राजस्थान के अन्य जिलों एवं राज्यों से बरामद किये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि साइबर प्रकोष्ठ के दल ने वर्ष 2024 से अब तक कुल 1125 खोये, चोरी हुए मोबाइल ढूंढ़कर परिवादियों को सौंपे जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित