बारां , मार्च 11 -- राजस्थान में बारां जिला राजकीय अस्पताल से सोमवार देर रात फरार हुए हत्या के मामले में वांछित आरोपी को जिला पुलिस के विशेष दल ने 24 घंटे के अंतराल में मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
यह कैदी वर्ष 2007 के हत्या मामले में वांछित था और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। 19 वर्ष से वह फरार था। उसके बाद पुलिस की गिरफ्त में आया यह कैदी बारां जिला अस्पताल से फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने बुधवार को बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की तलाश के लिये विशेष दल गठित किये गये। इन दलों ने उसे एक ही दिन में मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल से फरार होने के बाद उस पर फिर 10 हजार रूपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि कल्ली उर्फ बल्लू जाटव मूल रूप से ग्वालियर के मोहना थाना क्षेत्र का निवासी है। उसे बारां जिले के छबड़ा उपखंड जेल से उपचार के लिए राजकीय जिला अस्पताल लाया गया था। यह कैदी मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे अस्पताल की खिड़की तोड़कर भागने में सफल हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित