नयी दिल्ली , मार्च 10 -- केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के प्रश्न पत्र पर दिये क्यूआर कोड को स्कैन करने पर गाना बजने का दावा स्वीकार किया, लेकिन प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक की संभावना को ख़ारिज कर दिया।

बोर्ड ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, "प्रश्न पत्र असली हैं। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं है।"उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि 12वीं कक्षा के गणित के प्रश्न पत्र पर दिये गये क्यूआर कोड को स्कैन करने पर रिक एस्टली का गाना 'नेवर गॉना गिव यू अप' बजता है। इंटरनेट पर एक प्रैंक प्रचलित है, जिसमें यह गाना अनपेक्षित रूप से बज जाता है। इस प्रैंक को रिकरोलिंग कहा जाता है।

प्रश्न पत्र पर क्यूआर कोड मुख्यतः सुरक्षा के लिए, डिजिटल प्रमाणीकरण को सक्षम करके पेपर की प्रामाणिकता को सत्यापित करने के लिए और उल्लंघनों को रोकने के लिए होता है। ऐसे में क्यूआर को स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो खुल जाने से इंटरनेट पर कई लोगों को हैरानी हुई। बोर्ड ने कहा कि कुछ प्रश्न पत्रों के क्यूआर कोड स्कैन करने पर एस्टली के गाने का यूट्यूब वीडियो खुल जाता है, लेकिन सुरक्षा में किसी भी तरह की सेंध नहीं लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित