श्रीगंगानगर , मई 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने बारदाने की कमी को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम उपखंड अधिकारी और कृषि उपज मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई गेहूं की फसल मंडियों में लेकर आ रहे हैं, लेकिन बारदाना की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण फसल का समय पर उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों तक मंडियों में पड़ी रहने से फसल खराब होने का अंदेशा बढ़ गया है, जिसके कारण किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है।

किसान सभा ने मांग की कि तुरंत प्रभाव से पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाए ताकि किसानों की फसल का शीघ्र उठाव हो सके। साथ ही सरकार द्वारा गेहूं के दाने-दाने की खरीद सुनिश्चित की जाए जिससे कोई भी किसान अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित