रांची , नवम्बर 02 -- झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन पर जम कर हमला बोला है।
श्री मरांडी ने सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए, अपने सोशल मीडिया पर लिखा,@हेमंत सोरेनजेएमएमजी ने सत्ता क्या पाई, जैसे खुलेआम दुश्मनी निकालने का लाइसेंस मिल गया। सच कहें तो, उन्होंने दिल की भड़ास निकालने और अपने सियासी विरोधियों को कुंठा और जलन में ताबड़तोड़ मुक़दमा करवाने और जेल भेजने का जो गंदा खेल शुरू किया था, आज उसी की नक़ल झारखंड पुलिस के कुछ बेईमान अधिकारी कर रहे हैं। ये लोग क़ानून को अपनी जेब में समझ रहे हैं।
खूँटी में बैठे एक दरोगा साहब ने तो बिहार के बेगूसराय में चल रहे अपने पैतृक ज़मीन विवाद में दूसरे पक्ष को सीधे झारखंड में अफ़ीम की खेती करने के फर्ज़ी केस में रिमोट कंट्रोल से फंसा दिया।
झारखंड में जो लोग भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे हैं, उन्हें चुप कराने, परेशान करने और आतंक फैलाने का काम कुछ बेईमान अफ़सर कर रहे हैं और आपके गैर-संवैधानिक डीजीपी ने तो इसे धंधा बना कर रख दिया है। यह सारा गैरकानूनी खेल हेमंत सोरेन के संरक्षण में उनके इशारे पर किया जा रहा है।
याद है ना? कुछ दिन पहले तक सीआईडी में एसआईटी के नाम पर ज़मीन के मामलों की जाँच के नाम पर क्या लूट मची थी? कितने निर्दोष लोगों को डराकर-धमकाकर लूटा गया?हेमंत जी, अगर थोड़ी भी शर्म बची है, तो किसी ईमानदार ऑफ़िसर से इन भ्रष्ट पुलिसवालों की पूरी प्रॉपर्टी की जाँच करा लें। जो आपको पहले से पता है, वो अब जनता को भी पता चले कि इन्होंने कितनी काली कमाई की है।
कानून का दुरुपयोग करने वाले दरोगा को सस्पेंड कर उसे बचाने का प्रयास मत करिए। दारोगा को सस्पेंड करना बस दिखावा है। दो-चार महीने बाद गर्मी शांत होगी, फिर ये जनाब वापस ड्यूटी पर आकर क़ानून हाथ में लेंगे और वही गंदा खेल करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित