रांची , फरवरी 19 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रोजगार को लेकर हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा है।
श्री मरांडी ने आज आरोप लगाया कि राज्य सरकार नौकरियां न देकर युवाओं को बेरोजगार रखना चाहती है। लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती करने की बजाय सिर्फ कैलेंडर जारी करती है।
उन्होंने कहा कि हद्द तो तब हो जाती है जब मुख्यमंत्री द्वारा स्नातक/ स्नातकोत्तर पास युवाओं को मुर्गी पालने और बकरी चराने की सलाह दी जाती है।
श्री मरांडी ने कहा कि पिछले 6 साल युवाओं के लिए बुरे सपने से कम नहीं रहे। सरकार सिर्फ लूट खसोट में ही लगी हुई है। विभागों में पदों के रिक्त रहने से सिर्फ सरकार की कार्य क्षमता ही प्रभावित नहीं हो रही, बल्कि भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिल रहा है। हज़ारों महत्तवपूर्ण पद प्रभार के भरोसे हैं। श्री मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन थोड़ी सम्वेदना दिखाईए। राज्य हित और युवाओं के हित मेें जल्द से जल्द बड़े पैमाने पर बहाली प्रक्रिया शुरू कीजिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित