सुल्तानपुर लोधी , नवंबर 08 -- पंजाब में बाऊपुर मंड इलाके के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चल रही सेवा का जायजा लेते हुए राज्य सभा सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने शनिवार को कहा कि इस क्षेत्र के किसानों को गेहूं बोने के लिए खाद, बीज और डीजल की आज भी सख्त जरूरत है।

सांसद सीचेवाल ने शनिवार सुबह बाऊपुर मंड के उस इलाके का दौरा किया, जहां बाढ़ आने के बाद अस्थायी बांध को ऊंचा और मजबूत किया जा रहा है। इस इलाके में चार महीने पहले आये बाढ़ ने भारी तबाही मचायी थी। भैणी कादर बख्श गांव के पास 10 और 11 अगस्त की दरमियानी रात को बांध टूट गया था। इस बाढ़ से इस मंड इलाके की 3500 एकड़ फसल तबाह हो गयी थी। किसानों की जमीनों में चार से पांच फुट तक रेत चढ़ गयी थी। खेत समतल करने में लगे किसानों की मदद के लिए गये संत सीचेवाल खुद भी घंटों तक ट्रैक्टर चलाते रहते हैं। पंजाब के अलावा बाढ़ पीड़ित किसानों की मदद के लिए हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से भी किसानों ने आर्थिक मदद भेजी थी। वहां हरियाणा के जिला सिरसा में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर भी आये थे।

कई किसानों के खेतों में तो नदी ने बड़े गहरे गड्ढे बना दिये थे। बाढ़ आने के सवा महीने बाद किसानों के खेत समतल करने की विशेष मुहिम चलायी गयी थी। किसानों के खेतों से निकाली गयी रेत से अस्थायी बांध को ऊंचा और मजबूत किया जा रहा है। किसानों ने भी प्रवासी पंजाबियों से अपील की कि वे खाद, बीज और डीजल का प्रबंध करने में मदद करें। इन किसानों का कहना था कि एक फसल के लिए उनकी मदद कर दी जाये तो वे अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित