श्रीगंगानगर , जनवरी 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर कस्बे में बुधवार को एक विधवा महिला अपने देवर के साथ बाड़े पर कब्जे के विवाद को लेकर जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़ गयीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे राजबाला मेघवाल और उसका देवर छिंद्रपाल मेघवाल एक बाड़े के कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के चलते विरोध जताते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गये।
राजबाला का पति मांगीलाल पशुओं का कारोबार करता था। उसने वार्ड नंबर चार में एक बाड़ा किराये पर लिया हुआ था, जहां वे पशुओं को बांधता और पालता था। करीब दो महीने पहले मांगीलाल ने कुछ लोगों पर रुपयों के लेनदेन को लेकर एक पत्र लिखकर आत्महत्या कर ली थी। पत्र मेंं उसने कुछ लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। अब इसी बाड़े के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है, जिसके कारण देवर-भाभी पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं।
राजबाला ने कहा कि सोमवार की मध्यरात्रि में कुछ लोग जबरदस्ती बाड़े में घुस आये और मारपीट करके कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत दर्ज करायी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। यह विवाद सुलझाने के लिए दो-तीन बार पंचायत भी बुलायी गयी, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित