चंद्रपुर , जनवरी 14 -- महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के नागभीड़ वन क्षेत्र में एक बाघ ने 60 वर्षीय किसान को मार डाला।

एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को हुई। मृतक की पहचान तोरगांव निवासी भाऊराव विठोबा राउत के रूप में की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, राउत खेत से घर लौटने की तैयारी में थे, तभी खेत में छिपे एक बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया और मौके पर ही उन्हें मार डाला। इसके बाद बाघ उनके शव को जंगल के भीतर घसीट ले गया।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और रैपिड रिस्पांस यूनिट (आरआरयू) तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि किसान के परिवार को 25,000 रुपये की तत्काल वित्तीय सहायता दी गई है। जिले में इस साल बाघ के हमले से जुड़ी मौत का यह पहला मामला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित