भरतपुर , मार्च 10 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर में आबादी क्षेत्र में मंडरा रहे आरबीटी-2407 को वन विभाग के दल ने सोमवार को ट्रेंकुलाइज कर उसे सुरक्षित तरीके से वापस जंगल में छोड़ने के बाद क्षेत्र वासियों ने राहत की सांस ली ही थी कि इसके कुछ ही घण्टों बाद देर रात एक तेंदुए के आने से ग्रामीण फिर चिंतित हो गये।
वन विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि शेरपुर गांव के पास पावर हाउस क्षेत्र में एक तेंदुआ देखा गया है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रणथंभौर बाघ अभयारण्य के जंगलों से निकलकर आबादी वाले इलाकों में जंगली जानवरों के आने के सिलसिले को देखते हुए वन विभाग ने रणथंभौर के जंगलों के आसपास बसे गांव वासियाें को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सूत्रों ने बताया कि रणथंभौर के जंगलों से निकलकर एक तेंदुआ शेरपुर गांव के पास पावर हाउस क्षेत्र में पहुंच गया। यहां वह करीब दस मिनट तक चहलकदमी करता रहा। थोड़ी देर बाद वह शेरपुर की पहाड़ियों की ओर लौट गया। बताया गया है कि तेंदुए के यहां आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित