नयी दिल्ली , मार्च 16 -- केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने बागवानी फसलों के वर्ष 2024-25 के अंतिम और आगामी साल के अग्रिम अनुमान जारी कर दिए है। इसके अनुसार फलों और सब्जियों की पैदावार में बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है।
वर्ष 2024-25 में फलों की पैदावार 1176.49 लाख टन रहने का अनुमान है। यह साल 2023-24 के 1129.78 लाख टन की तुलना में 4.13 प्रतिशत (46.71 लाख टन) अधिक है। यह बढ़ोत्तरी मुख्य रूप से केला, आम, मंदारिन, पपीता, अमरूद, और तरबूज की पैदावार में तेजी के कारण दर्ज की गई है।
सब्जियों की पैदावार में भी सुधार देखा गया है। वर्ष 2023-24 के 2072.08 लाख टन के मुकाबले 2024-25 में इसके 5.11 प्रतिशत (105.89 लाख टन) बढ़कर 2177.97 लाख टन होने का अनुमान है। इस दौरान प्याज, आलू, हरी मिर्च, फूलगोभी, पत्ता गोभी, बैंगन, भिंडी, मटर, कद्दू, लौकी, करेला, खीरा, शकरकंद, मूली तथा शिमला मिर्च की पैदावार में बढ़ोतरी देखी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित