बागपत , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के तितरोदा गांव में होली के दौरान मामूली विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार बड़ावद गांव निवासी अमृत शर्मा (17) अपने भाई सागर शर्मा और दोस्तों कार्तिक व बॉबी के साथ होली खेलने के लिए तितरोदा गांव आया था। होली खेलते समय वह एक दोस्त के साथ गांव में ही साजिद की दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा, जहां मौजूद युवक चीकू से उसकी मामूली कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरू में लोगों ने इसे सामान्य विवाद समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया। आरोप है कि चीकू ने अपने साथियों को बुला लिया, जिसके बाद चीकू, सोहेल, अनस, शौकीन और एक अन्य युवक ने मिलकर अमृत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अमृत को तत्काल बड़ौत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता राजकिशोर की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित