बागपत , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले की मलकपुर चीनी मिल ने सोमवार को 12 करोड़ 30 लाख रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किसानो को कर दिया।

किसानों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने चीनी मिल के संसाधनों चीनी, शीरा, बगास व प्रेसमड को किसानों के भुगतान से टैग कराने के निर्देश दिए और जिला गन्ना अधिकारी अमर प्रताप सिंह के माध्यम से साप्ताहिक रिपोर्ट तलब कर सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की।

सोमवार को मिल प्रबंधन को तलब कर समीक्षा के बाद कामर्शियल उप महाप्रबंधक विजय कुमार जैन 12.30 करोड रूपये का चेक लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों के भुगतान के लिये राशि जारी कराई गई। डीएम अस्मिता लाल ने स्पष्ट किया कि यह भुगतान सराहनीय है, लेकिन शेष बकाया के लिए मिल प्रबंधन को शीघ्र ऋण स्वीकृत कराकर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित