बागपत , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र स्थित हिम्मतपुर सूजती गांव में एक किसान ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपाधीक्षक अंशु जैन के अनुसार मृतक की पहचान गांव निवासी पूर्व प्रधान स्व. धर्मवीर सिंह के पुत्र कुलदीप उर्फ बिट्टू (36) के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर में अकेला था, जबकि उसकी मां बालेश रिश्तेदारी में निरपुड़ा गांव गई हुई थीं।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे उसकी ताई कृष्णा जब खाना देने पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने चचेरे भाई विपिन को बुलाया। दोनों ने दरवाजा तोड़ा तो कुलदीप का शव जमीन पर पड़ा मिला और पास में खून फैला हुआ था।
सूचना मिलते ही दोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन, थाना प्रभारी केवल सिंह और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से 315 बोर का तमंचा और एक खाली खोखा बरामद हुआ है। मृतक के सिर की दाईं कनपटी पर गोली लगी पाई गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित