बागपत , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ बुधवारको पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बागपत में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली बागपत पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान चमरावल रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि आज पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी में हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शहर के चमरावल रोड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में उनकी शिनाख्त रूपक निवासी अहेड़ा, चिंटू उर्फ आदित्य निवासी मतानतनगर व परवेज निवासी बाघू के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आठ अवैध पिस्टल .32 बोर, एक कारतूस 32 बोर, तीन मोबाइल फोन और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए थे। इसके अलावा उनके पास से 13 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल थे और इन्हें आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित