जयपुर , फरवरी 10 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने प्रदेश समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से जयपुर में 20 फरवरी से होने वाले लोक कला संगम-2026 के पोस्टर का मंगलवार को विमोचन किया।

श्री बागडे ने लोकभवन में इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। संस्कार भारती, राजस्थान सरकार के पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जवाहर कला केंद्र (जेकेके) के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन 20 से 22 फरवरी तक जेकेके के शिल्पग्राम में आयोजित किया जाएगा।

संस्कार भारती के प्रांत मंत्री प्रदीप सिंह राजावत ने बताया कि आयोजन की थीम "राजस्थान रै लोकरंग रो उजास" है, जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए 400 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। संस्कार भारती के प्रांत महामंत्री बनवारी लाल चेजारा ने कहा कि लोक कला संगम-2026 केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि लुप्तप्राय लोक कलाओं के पुनर्जीवन और कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का एक सशक्त सांस्कृतिक अभियान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित