जयपुर , दिसंबर 12 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा कई नेताओं ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री बागडे ने कहा कि श्री पाटिल मिलनसार व्यक्तित्व के सुलझे हुए राजनीतिज्ञ थे। इनका निधन राजनीतिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री पाटिल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवारजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति देने की प्रार्थना की।

श्री गहलोत ने कहा कि श्री पाटिल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। श्री पाटिल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में कई पदों पर राष्ट्र एवं कांग्रेस पार्टी को अपनी सेवाएं दी। उन्होंने कहा "मुख्यमंत्री के रूप में मेरे दूसरे कार्यकाल के दौरान उनके पास कुछ समय के लिए राजस्थान के राज्यपाल का भी अतिरिक्त कार्यभार रहा था। उनकी कमी सदैव महसूस होगी। श्री पाटिल के शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।" उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित