जयपुर , फरवरी 07 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने ऑनलाइन शिक्षा के रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम से विद्यार्थियों को लाभान्वित किए जाने का आह्वान करते हुए कहा है कि शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ नवाचार अपनाते हुए विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करे।

श्री बागडे शनिवार को मणिपाल यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन शिक्षा के पंचम दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान किये। उन्होंने इस दौरान कहा कि मणिपाल यूनिवर्सिटी अधिकाधिक ऐसे पाठ्यक्रम विकसित करे जिनसे युवाओं को रोजगारोन्मुखी भविष्य मिले। वे कौशल विकास और उद्यमिता की राह पकड़ सकें। उन्होंने उद्योगों के साथ संवाद कर विद्यार्थियों की उद्यमिता को बढ़ावा देने की ऑनलाईन शिक्षा पद्धति पर भी कार्य किए जाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि ऑनलाईन शिक्षा प्रणाली जीवनपर्यंत शिक्षा के लिए अत्यन्त उपयुक्त और महत्वपूर्ण है। इस शिक्षा पद्धति में विद्यार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार पाठ्यक्रम चुनकर उसमें पढ़ाई कर सकता है। श्री बागडे ने कहा कि देश की जो नई शिक्षा नीति है उसमें भारतीय भाषाओं, कला व संस्कृति के संवर्धन आदि पर विशेष जोर दिया गया है। यह दूरदर्शी शिक्षा नीति है।

श्री बागडे ने कहा कि जो नवोन्मेषी है वही इतिहास रचता है। विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ देश और संस्कृति के प्रति सम्मान के लिए भी जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने ऑनलाईन शिक्षा केे दीक्षांत समारोह में राष्ट्र की वर्तमान आवश्यकताओं के संदर्भ में कार्य किए जाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने, उन्हें संस्कार और चरित्र निर्माण की शिक्षा दिये जाने पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित