बैतूल , जनवरी 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई थाना क्षेत्र के रगड़गांव में कुएं से मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली बाइक से कट लगने के विवाद में युवक की गला घोंटकर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था।
पुलिस के अनुसार 14 जनवरी 2026 को मासोद चौकी को सूचना मिली थी कि रगड़गांव चारसी रोड पर महंगू कुमरे के खेत के पास स्थित कुएं में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मासोद निवासी 20 वर्षीय राज ठाकुर पिता स्व. राजू ठाकुर के रूप में की। प्रारंभ में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को राज अपने ममेरे भाई डेविड राजपूल के साथ बाइक से रगड़गांव गया था। शाम करीब पांच बजे वह यह कहकर अलग हो गया कि देर से लौटेगा, लेकिन वापस नहीं आया। मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई एवं क्राइम सीन टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। कुएं का पानी निकलवाने पर शव औंधे मुंह मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से दम घुटने से मौत की पुष्टि होने पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान रगड़गांव निवासी 19 वर्षीय अमित कुमरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में बाइक से कट लगने पर हुए विवाद के दौरान उसने गमछे से राज का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घबराकर उसने शव कुएं में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा और मृतक का आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित