बांदा , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में 112 डायल पीआरवी में चालक के पद पर तैनात पीएसी के एक सिपाही ने बुधवार की रात्रि अपनी मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार हेतु कानपुर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के तत्काल बाद आरोपी मौके से फरार हो गया जिसके यमुना नदी में कूद जाने की आशंका है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि पीएसी का एक सिपाही यूपी डायल 112 में ड्राइवर के पद पर मरका थाना में नियुक्त था। घरेलू आपसी कलह के चलते उसने बुधवार की रात्रि लगभग 9:00 बजे अपनी पत्नी शिवानी और मासूम पुत्री पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पड़ोसी की सूचना पर तत्काल घायल मां - बेटी को राजकीय वीरांगना रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां बेटी परी (3) की मृत्यु हो गई और घायल पत्नी शिवानी को उपचार हेतु कानपुर रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। जिसके बाद यमुना नदी के किनारे आरोपी का मोबाइल और कुछ अन्य वस्तुएं पड़ी मिली। जिससे संभावना है कि घटना के तत्काल बाद आरोपी भी नदी में कूद गया होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित