बांदा , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में पुलिस ने मासूम पुत्री को यमुना नदी में फेंक कर स्वयं यमुना में कूद कर आत्महत्या का प्रयास करने वाली मां को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सुखी डेरा मजरा साड़ा में रुबीना नामक महिला उसरा डेरा मजरा मरका स्थित अपने मायके में पिछले छह वर्ष से रह रही थी। 27 फरवरी को उसकी मां ने किसी कारण से उसे डांट दिया था। जिसके बाद रुबीना पुत्री के साथ बाल कटवाने का बहाना कर वह घर से निकली और यमुना नदी के पुल में पहुंच अपनी पुत्री पिंकी (5) को यमुना में फेंक दिया और स्वयं भी पुल से यमुना नदी में कूदने का प्रयास करने लगी जिसे राहगीरों ने मौके पर तुरंत पकड़ कर उसे बचा लिया और पुलिस को सूचित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित