मथुरा , फरवरी 8 -- ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास जनसुविधाओं के विकास के लिये शुक्रवार को दो और संपत्तियों की रजिस्ट्री संपन्न हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में हुई इस कार्रवाई के साथ कुल रजिस्ट्री की संख्या छह हो गई है। प्रशासन के अनुसार 20 से अधिक रजिस्ट्री प्रक्रिया में हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशों के तहत भूमि क्रय की कार्रवाई पारदर्शी तरीके से की जा रही है। प्रभावितों को मुआवजा, दुकान के बदले दुकान और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की ओर से फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक करीब 800 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री हो चुकी है।

परियोजना के अंतर्गत मंदिर क्षेत्र में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुगम प्रवेश-निकास और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, भीड़ का दबाव घटेगा तथा धार्मिक पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित