मथुरा , फरवरी 16 -- वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने मंदिर के सेवायत परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ थाना वृंदावन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहरीर में सेवायत अंकित गोस्वामी, गोवर्धन गोस्वामी, महिला रेनू गोस्वामी सहित 15 अज्ञात महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

दिनेश गोस्वामी के अनुसार आरोपित महिलाएं उनके घर पहुंचीं और वहां मौजूद किराएदार से अभद्र भाषा में बातचीत की। आरोप है कि महिलाओं ने जूते से मारने और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने बताया कि हाई पावर कमेटी के निर्देश पर शयनभोग शाखा से जुड़े होने के नाते उन्होंने जयपुर से सीओ सदर को व्हाट्सएप के माध्यम से तहरीर भेजी थी। उनका आरोप है कि गोस्वामी परिवार की महिलाएं उन्हें कॉरिडोर मामले से दूर रहने का दबाव बना रही हैं और विरोध न करने की धमकी दे रही हैं।

दिनेश गोस्वामी ने यह भी कहा कि आरोपित महिलाएं कॉरिडोर विरोध के पर्चे बांट रही थीं और इसी दौरान उनके घर में घुसकर अभद्रता की गई। उन्होंने भय व्यक्त करते हुए कहा कि जान का खतरा महसूस होने के कारण वह 17 फरवरी को प्रस्तावित हाई पावर कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद पुरुष, एक महिला और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना वृंदावन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित