पटना , दिसंबर 18 -- ग्रामीण विकास एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस पड़ाव के औचक निरीक्षण के क्रम में बसों के संचालन, यात्री सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिये अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मंत्री श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि बस पड़ाव पर सभी आवश्यक सुविधायें शीघ्र उपलब्ध कराई जायेंगी, जिसका सकारात्मक असर जल्द ही देखने को मिलेगा।

निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने बसों के निर्धारित समय पर परिचालन सुनिश्चित करने और लॉगशीट रजिस्टर में सही तरीके से इंट्री करने के निर्देश दिये, जिससे बस संचालन में पारदर्शिता बनी रहे। अधिकारियों ने बताया कि बांकीपुर बस पड़ाव से प्रतिदिन लगभग 35 बसों का संचालन किया जा रहा है।

मंत्री श्रवण कुमार ने खराब पड़ी बसों को शीघ्र दुरुस्त कर दोबारा यात्रियों की सेवा में लगाने का आदेश दिया, जिससे सार्वजनिक परिवहन की क्षमता में वृद्धि हो सके। उन्होंने टिकट काउंटर पर कर्मचारियों की मुस्तैदी बढ़ाने, यात्रियों से शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने और परिसर में नियमित साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

शौचालयों की खराब स्थिति पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुये संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर समीक्षा करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं में स्वच्छ शौचालय एक बुनियादी आवश्यकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

निरीक्षण के दौरान बस पड़ाव और कार्यालय परिसर में निगम के कार्यों में लगे अनाधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डिपो और कार्यालय में केवल निगम के अधिकृत कर्मचारियों से ही कार्य लिया जाये। जांच में लापरवाही पाये जाने पर संबंधित वरीय पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में स्वयं या विशेष टीम गठित कर औचक निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों के अनुरूप कार्य असंतोषजनक पाया गया तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जायेगी।

इस औचक निरीक्षण को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और यात्रियों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित