श्रीगंगानगर, अप्रैल 11 -- राजस्थान के बीकानेर में आज परिवार की छोटी-सी नजरअंदाजी और पुराने झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती में कल देर रात को 28 वर्षीय जयसिंह की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी उसके साले कपिलसिंह और एक अन्य साथी ने तलवार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि हत्या से ठीक पहले जयसिंह की पत्नी कुंजिका ने ससुर राजेंद्रसिंह को फोन कर खुली धमकी दी थी-अपने बेटे को समझा लो, नहीं तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।

घटना की शुरुआत कल रात 10:44 बजे हुई, जब कुंजिका ने ससुर राजेंद्रसिंह को कॉल किया। उसने साफ-साफ चेतावनी दी कि बेटे जयसिंह को परिवार के साथ बैठाकर समझा लें, वरना परिणाम भुगतने होंगे। राजेंद्रसिंह घबरा गए। उसने तुरंत बेटे को ढूंढना शुरू किया, लेकिन घर पर जयसिंह नहीं मिला। पिता-बेटे की तलाश रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 तक पहुंची। वहां शनि मंदिर के पास पहुंचते ही उसका कलेजा मुंह को आ गया।

जयसिंह को कपिलसिंह और उसके एक साथी ने घेर रखा था। कपिलसिंह के हाथ में तलवार चमक रही थी। दोनों ने मिलकर जयसिंह पर तलवार से हमला बोल दिया। गर्दन पर गहरा वार किया गया। शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल जयसिंह को तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित