हरिद्वार , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना बहादराबाद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया।
यह मामला मंगलवार को प्रभाकर कश्यप, निवासी जियापोता, थाना कनखल, हरिद्वार द्वारा दर्ज शिकायत के बाद सामने आया। जिसका खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया।
शिकायत में बताया गया कि बहादराबाद के ऑफिस अतमलपुर बौगला से रात के समय गैस सिलेंडर, इन्वर्टर, एसी, एलईडी और अन्य सामान चोरी किया गया था। शिकायत पर थाना बहादराबाद में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद ने आरोपितों की तलाश हेतु टीम गठित की। सक्रिय सुराग और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने पथरी पुल पिकेट पर वाहनों की चेकिंग करते हुए नीले रंग की पिकअप को रोका। वाहन में बैठे तीनों आरोपित उस्मान, पुत्र इस्तयार, निवासी रायपुर, कोतवाली लक्सर,राहुल, पुत्र जलसिंह, निवासी जमालपुरकंला, थाना कनखल और रवि कुमार, पुत्र अमर सिंह उर्फ नाथीराम, निवासी बाल्मीकि बस्ती, पुरानी घासमण्डी, मौहल्ला पांवधोई, कोतवाली ज्वालापुर से चोरी का माल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की घटना 24 मार्च की रात नशे की हालत में करने की बात स्वीकार की है। अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित