हरिद्वार , फरवरी 14 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी मे प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इसी दौरान वायरलेस सेट के माध्यम से थाना श्यामपुर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना जारी हुई थी।
पुलिस ने पथरी रोड़ पुल चेकपोस्ट के पास जांच के दौरान बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। जो कुछ समय पहले श्यामपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी। सख्ती से पूछताछ करने पर बाइक सवार ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सोनू शाह पुत्र फरमान निवासी ग्राम इस्सेपूरा थाना कीरतपुर जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 312 बोर तमंचा भी बरामद हुआ। आरोपी पर चोरी की बाइक के संबंध में श्यामपुर थाने में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक चोरी के बाद बहादराबाद क्षेत्र में घूम रहा था और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। समय रहते गिरफ्तारी से संभावित वारदात टल गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित