सोनीपत , अक्टूबर 12 -- हरियाणा के सोनीपत में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया है।

युवक लड़की को लेकर मुंबई जा रहा था लेकिन पुलिस की कार्रवाई के चलते पकड़े जाने के डर से आधे रास्ते से वापस लौट आया। लड़की ने पुलिस को यही बताया कि उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुयी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करके उसे न्यायिक हिरासत में रविवार को जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार उतर प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने थाना राई में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह वर्तमान में सोनीपत में किराए के मकान में रह रही है। उसने आरोप लगाया कि आगरा के रहने वाला मनीष उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला कर ले गया है। उसने पुलिस से अपनी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाने और आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई।

राई थाने की जांच टीम के सब इंस्पेक्टर सतीश ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने और लड़की को सकुशल बरामद करने के लिए तुरंत कदम उठाया। इस बीच पता चला कि युवक लड़की को लेकर मुंबई जा रहा है। पुलिस का शिकंजा कसता देख युवक को भी आभास हो गया कि वह अब पुलिस को चकमा नहीं दे सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित