बहराइच , जनवरी 12 -- भारत-नेपाल सीमा पर अपराध पर नकेल कसते हुए बहराइच पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। रुपईडीहा सीमा से लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे इनोवा क्रिस्टा वाहन से नेपाल में प्रवेश कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित नेपाल के नेपालगंज स्थित कैसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे और पुलिस से बचने के लिए वाहन पर फर्जी तरीके से हूटर और बीकन लगाकर चल रहे थे। उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा रमेश सिंह रावत तथा 42वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 11/12 जनवरी की रात एसएसबी चेक पोस्ट रुपईडीहा पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा को रोका गया। पूछताछ में वाहन सवार धर्मेन्द्र सिंह ने स्वयं को प्रमुख सचिवालय से जुड़ा अधिकारी बताया, लेकिन संदेह होने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह, शुभम बाजपेई, अनमोल यादव, सचिन सिंह और स्वपनिल सहाय, सभी निवासी जिला लखनऊ, के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक चिप डिवाइस, कुल 2,17,480 रुपये नकद, कई महंगे मोबाइल फोन, एटीएम व क्रेडिट कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुंप सिंह ने बताया कि इस मामले में थाना रुपईडीहा पर धारा 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित