बहराइच , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात ट्रैक्टरट्रॉली और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विशुनापुर गांव निवासी अमरेश (20), अमर और सुधांशु के साथ मोटरसाइकिल से मंगलवार रात करीब 9:45 बजे भैसाही गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गिरिजापुरी-सुजौली मार्ग पर जमुनिहा मोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में अमरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर और सुधांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित