बहराइच , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गोंडा-बहराइच मार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनकटा के पास स्कूटी सवार लेखनी (20) और अर्चना (18)सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार चालक हर्षित और उनकी पत्नी सौम्या श्रीवास्तव (30) को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान लेखनी की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच चल रही है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित