बहराइच , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार रात तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हाड़ा बसहरी गांव के रात करीब आठ बजे एक पिकअप वाहन फखरपुर से शादी का सामान लेकर नेपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप बेकाबू होकर सामने से आ रही बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप सड़क किनारे खड्ड में पलट गई।
मृतकों की पहचान नानपारा क्षेत्र के जूड़ा गांव निवासी मनीष कुमार (35), जमुनहा गांव निवासी बरसाती (45) तथा लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर क्षेत्र निवासी शिवा (12) के रूप में हुई है। बताया गया है कि तीनों आपस में रिश्तेदार थे और सब्जी बेचने का कार्य करते थे। घटना के समय वे बाबागंज के साप्ताहिक बाजार से सब्जी बेचकर अपने घर लौट रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित