बहराइच , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में रविवार देर रात वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रामगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतला गांव के पास हुआ। बौंडी थाना क्षेत्र के चुन्नीलाल पुरवा दाखिला राजा बौंडी निवासी तीन युवक एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौतला के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में 18 वर्षीय रिंकू पुत्र जय नारायण और 19 वर्षीय उत्तम पुत्र नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 21 वर्षीय अजय पुत्र भानू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया। उपचार के दौरान अजय ने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित