बहराइच , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बहराइच-सीतापुर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान बाराबंकी जिला निवासी शत्रोहन (46) के रूप में हुई है। बताया जाता है वह अपने रिश्तेदार अर्जुन (निवासी बाराबंकी) तथा परशुराम (निवासी सीतापुर) के साथ बहराइच स्थित मरी माता मंदिर में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि हरदी थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास बहराइच-सीतापुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शत्रोहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। परशुराम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित