बहराइच , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के थाना पयागपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक पूर्व बीडीसी सदस्य/सामाजिक कार्यकर्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान जगदेव यादव (47) पुत्र सीताराम यादव के रूप में हुई है। उनका शव कोट बाजार-तालाब बघेल मार्ग पर खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार, जगदेव यादव मंगलवार रात करीब नौ बजे घर से खेत देखने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में पड़े मिले, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी पयागपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि जगदेव यादव के सिर और माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित