बहराइच , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बाबागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव में बृहस्पतिवार देर रात एक अज्ञात जंगली जानवर ने फूस की झोपड़ी में घुसकर सात वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। मां के साहसिक प्रयास से बच्चे की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार गांव निवासी अजय मिश्रा का पुत्र श्याम मिश्र (7) अपनी मां पूजा देवी के साथ झोपड़ी में सो रहा था। रात करीब दो बजे फूस की टटिया फाड़कर एक अज्ञात जंगली जानवर अंदर घुस आया और बच्चे के सिर को अपने जबड़े में दबोच लिया। बच्चे की चीख सुनकर जागी मां ने जान की परवाह किए बिना जानवर से संघर्ष किया और किसी तरह बालक को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।

खींचतान के दौरान बालक के सिर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरगुल सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए, जिसके बाद जंगली जानवर मौके से फरार हो गया। परिजन घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर बच्चे को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हमलावर जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।

इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी रुपईडीहा अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास कड़ी जमीन होने के कारण वन्यजीव के पंजों के स्पष्ट निशान नहीं मिल सके हैं। वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में टीम लगाकर खोजबीन की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किस जंगली जानवर ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित