बहराइच , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) कमलावती सिंह ने बुधवार को बहाराइच जिला भ्रमण के दौरान विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी के साथ वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया तथा वहां रह रही पीड़ित महिलाओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने सेंटर के विभिन्न कक्षों और रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। उन्होंने अभिलेखों का भी अवलोकन किया और मौके पर मौजूद प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी मो. खालिद तथा सेंटर प्रबंधक रागनी विश्वकर्मा से संचालित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सेंटर में रह रही पीड़ित महिलाओं को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और उनकी देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान काउंसलर सुरभि आकांक्षा, पैरामेडिकल स्टाफ शालिनी यादव, केस वर्कर संगीता बाजपेई, प्रमिला यादव, आया हेल्पर अनूप, प्रियंका और बृजेन्द्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के उपरांत श्रीमती सिंह ने एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी तथा पार्टी पदाधिकारियों हेमा निगम, उर्मिला शुक्ला, स्वाती तिवारी, सोनी श्रीवास्तव और ज्योति सिंह के साथ वन स्टॉप सेंटर परिसर में पौधरोपण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित