बहराइच , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर हुई चार मोटरसाइकिल चोरी और एक पर्स छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, एक महिला पर्स और नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सात मार्च को मोहल्ला गुदड़ी निवासी शुभम यज्ञसैनी ने सूचना दी थी कि उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भास्कर मंदिर के पास से चोरी हो गई है। इस संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद 10 मार्च को घसियारीपुरा निवासी अधिवक्ता रामसूरत वर्मा की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जिला अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। 11 मार्च को मेवातीपुरा निवासी जैद खान की मोटरसाइकिल घंटाघर क्षेत्र स्थित शंकर बेकरी के पास से चोरी हो गई। वहीं 14 मार्च को वजीरबाग निवासी रजत कुमार गर्ग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मीराखेलपुरा से चोरी होने का मामला सामने आया।

इसी दौरान 10 मार्च को चित्रकूट नेवादा निवासी अनिल तिवारी ने भी सूचना दी कि जब वह अपनी बहन और बच्चों को ई-रिक्शा से घर ले जा रहे थे, तभी बशीरगंज मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी भांजी के हाथ से पर्स छीन लिया था, जिसमें नकदी और अन्य सामान रखा था। इस मामले में भी कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। रविवार को जांच के दौरान पुलिस ने रामलीला मैदान सिराहा मोड़ के पास से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बशीरगंज निवासी उत्सव यादव उर्फ चुन्नी (20) और काजीपुरा उत्तरी निवासी रिजवान उर्फ बउरा (20) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक भूरे रंग का महिला पर्स बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित