बहराइच , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में होली और रमजान के अवसर पर गांव लौटे प्रवासी परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिन परिवारों में अब तक एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उन्हें चिन्हित कर 15 दिन के भीतर कम से कम एक सदस्य का कार्ड बनवाने का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जनपद में अब तक 91 प्रतिशत परिवारों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। शेष 38 हजार परिवारों की अलग सूची तैयार कर सभी ब्लॉक चिकित्सा अधीक्षकों, खंड विकास अधिकारियों एवं एडीओ पंचायत को उपलब्ध करा दी गई है। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, एएनएम, सीएचओ, पंचायत सहायकों और कोटेदारों को भी सूची सौंपी गई है, ताकि घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में मृतक अथवा विवाहित पुत्री का नाम सूची में दर्ज होने जैसी विसंगतियों के कारण लक्ष्य प्राप्ति में कठिनाई आ रही है। ऐसे मामलों का खाद्य एवं पूर्ति विभाग के साथ समन्वय कर निराकरण कराया जा रहा है। 90 दिन के विशेष अभियान के उपरांत संशोधित सूची शासन स्तर पर भेजी जाएगी, जिससे अपात्र नाम हटाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा सके।
सीएमओ के अनुसार जनपद में अब तक लगभग 10.17 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है और इसकी नियमित निगरानी की जा रही है। हाल ही में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान गांव आए लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में पंचायत सहायक सक्रिय भूमिका निभाएं। पंचायत स्तर पर विशेष सहयोग से शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली और रमजान के अवसर पर घर लौटे परिवार अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा पंचायत भवन पर संपर्क कर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड गंभीर बीमारी की स्थिति में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का सुरक्षा कवच है, इसलिए कोई भी पात्र परिवार इससे वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित