बहराइच , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में तीन गौतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से घायल एक बदमाश को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक सिंह ने बताया कि गुरुवार तड़के जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुड़ियाडीह जंगल क्षेत्र में कुछ लोग गौवंश का वध कर मांस ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जाफर नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
गोली लगने के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी हकीम और रिज़वान को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि,इस बीच एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक बांका, रस्सी और गौवंश का मांस बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित